जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी का चौथा दीक्षांत समारोह शुरू, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार हुए शामिल
जमशेदपुर। जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में मंगलवार को चौथे दीक्षांत समारोह की शुरुआत हुई। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। वहीं, सीएसआईआर-एनएमएल के डायरेक्टर डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. एला कुमार ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ छात्राओं को नए और उभरते क्षेत्रों में शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विश्वविद्यालय का विशेष फोकस है।
स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप को बढ़ावा देने की तैयारी, स्पेस किड्स इंडिया के साथ विश्वविद्यालय का एमओयू
कुलपति ने बताया कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में स्टार्टअप की काफी संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी ने स्पेस किड्स इंडिया के साथ एमओयू किया है। इसके जरिए छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान और इससे जुड़े नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि छात्राओं को पारंपरिक क्षेत्रों के साथ-साथ नए और उभरते क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
वहीं, विश्वविद्यालय में मास कम्युनिकेशन के तहत जर्नलिज्म की पढ़ाई शुरू करने की भी तैयारी है। इसके लिए एक वर्षीय पीजी कोर्स शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के नए क्षेत्रों का विस्तार करने के साथ छात्राओं को भविष्य की जरूरतों और बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करना है।
दीक्षांत समारोह को लेकर सोमवार को एक्स एल आर आई ऑडिटोरियम में फुल ड्रेस रिहर्सल भी किया गया था। इस दौरान सीटिंग अरेंजमेंट, मंच संचालन और समारोह की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया गया।
समारोह में शामिल होने वाले डिग्रीधारकों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं, राज्यपाल के कार्यक्रम में शामिल होने को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। डीसी, एसएसपी और एसडीओ ने संयुक्त रूप से पूरे हॉल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
चौथे दीक्षांत समारोह के जरिए जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी ने शिक्षा के साथ नवाचार, स्टार्टअप और नए जमाने के करियर विकल्पों की दिशा में अपनी प्राथमिकताओं को भी सामने रखा।