कोसली: भाजपा वरिष्ठ नेता बाबू वीरकुमार यादव ने आईसीएस कोचिंग सेंटर में छात्रों संग देखा मुख्यमंत्री का लाइव संवाद
कोसली (होशियार सिंह)। कस्बा कोसली स्थित आईसीएस (ICS) कोचिंग सेंटर में भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबू वीरकुमार यादव के आगमन पर संस्थान के संचालक पंकज जाखड़ एवं समस्त स्टाफ द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के पश्चात सभी ने हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा आईसीएस कोचिंग सेंटर, सोनीपत से आयोजित 'छात्र संवाद' कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों के साथ देखा एवं सुना।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत का संदेश दिया। उपस्थित विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और मुख्यमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलजीत यादव, एडवोकेट रमेश शर्मा, आईसीएस कोचिंग सेंटर के संचालक पंकज जाखड़, संस्थान का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।