PRESS RELEASE

कोसली मठ निगरानी समिति गठन पर फिर उठा विवाद, ग्रामीणों ने निष्पक्ष समिति बनाने की उठाई मांग

By HOSHIAR SINGH • 2026-08-06 10:34 • 8 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
कोसली मठ निगरानी समिति गठन पर फिर उठा विवाद, ग्रामीणों ने निष्पक्ष समिति बनाने की उठाई मांग

कोसली मठ की निगरानी समिति के गठन पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, नई समिति बनाने की मांग

रेवाड़ी-कोसली (होशियार सिंह): कोसली स्थित मठ की चल एवं अचल संपत्तियों की देखरेख तथा प्रस्तावित निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए एसडीएम एवं मठ प्रशासक द्वारा 28 जुलाई 2026 को गठित पांच सदस्यीय निगरानी समिति को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। उन्होंने समिति के गठन को एकतरफा बताते हुए नई एवं सर्वसम्मत समिति बनाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले 10 मार्च 2026 को गांव के लगभग 20–25 गणमान्य नागरिकों और वर्तमान पंचों के नामों की सूची निगरानी समिति के गठन के लिए प्रशासन को सौंपी गई थी। उनका कहना है कि नई समिति में उस सूची के किसी भी व्यक्ति अथवा वर्तमान पंच को शामिल नहीं किया गया।

कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गठित समिति में केवल सरपंच के निकट माने जाने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है, जिससे समिति की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया इस समाचार के प्रकाशन तक प्राप्त नहीं हो सकी है.

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि मठ परिसर में पूर्व में कराई गई खुदाई से प्राचीन संरचना और धार्मिक स्थल की पवित्रता प्रभावित हुई। उन्होंने इस मामले में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हुई हैं तथा गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि पूर्व में भेजी गई सूची के प्रतिनिधियों और वर्तमान पंचों को शामिल करते हुए सर्वसम्मति से नई निगरानी समिति का गठन किया जाए, ताकि मठ से जुड़े कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें और क्षेत्र में विश्वास एवं सौहार्द बना रहे।

नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप ग्रामीणों के दावों पर आधारित हैं। प्रशासन अथवा संबंधित पक्ष का विस्तृत पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा.

HOSHIAR SINGH 0 followers