राजकीय महाविद्यालय गोवर्धन में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत live प्रसारण व प्रतियोगिताएं आयोजित
(रिपोर्टर मुकेश अग्रवाल मांट)
गोवर्धन (मथुरा)। राजकीय महाविद्यालय गोवर्धन में दिनांक 02 अगस्त, 2026 को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन का सजीव (लाइव) प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सविता गौतम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। महाविद्यालय के स्मार्ट क्लासरूम में स्थापित विशाल स्क्रीन (बड़ी स्क्रीन) पर सभी प्रवक्तागणों एवं विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री जी के ओजस्वी संबोधन को सुना। इस दौरान उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कला व विचारों के माध्यम से नशे के विरुद्ध संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सविता गौतम ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
शिक्षक/प्रवक्तागण प्रो. (डॉ.) ललित कुमार सिंह, डॉ. रिंकी अग्रवाल, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. धर्मेंद्र चाहर, डॉ. दीपक देव, डॉ. देवेंद्र शर्मा, और कर्मचारीगण श्री घनश्याम, श्री कृष्णा कदम आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।