मीरा-भायंदर में MBMT संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से परिवहन सेवा प्रभावित
ठाणे: मीरा-भायंदर महानगरपालिका परिवहन (MBMT) के संविदा कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर 28 सितंबर से काम बंद आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों के आंदोलन के कारण मीरा-भायंदर शहर में बस परिवहन सेवा प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी जो आज प्रभावित होनी शुरू हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, MBMT में कार्यरत करीब 652 संविदा कर्मचारी लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उनके मूल वेतन में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारियों और प्रशासन के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही है।
कर्मचारी संगठन का कहना है कि वेतन और सेवा संबंधी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने की स्थिति में कर्मचारियों ने 28 सितंबर से काम बंद आंदोलन करने का निर्णय लिया है। यदि बड़ी संख्या में कर्मचारी आंदोलन में शामिल होते हैं, तो इसका सीधा असर बसों के संचालन और यात्रियों की दैनिक आवाजाही पर पड़ सकता है।
दूसरी ओर, मनपा प्रशासन का पक्ष है कि संविदा कर्मचारियों को नियमानुसार न्यूनतम वेतन तथा निर्धारित भत्ते दिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की मांगों पर संबंधित स्तर पर चर्चा किए जाने की बात कही गई है।
मीरा-भायंदर में बड़ी संख्या में नागरिक रोजाना MBMT बसों का उपयोग करते हैं। ऐसे में हड़ताल लंबी चलने पर यात्रियों को निजी वाहनों, ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों पर निर्भर होना पड़ सकता है।
फिलहाल कर्मचारियों और मनपा प्रशासन के बीच बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है, ताकि शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।