ENVIRONMENTAL/CLIMATIC NEWS

पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेंगी पद्मश्री जमुना टुड्डू

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-08-27 08:24 • 2 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेंगी पद्मश्री जमुना टुड्डू

जमशेदपुर, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर पद्मश्री जमुना टुड्डू अपने समिति के सदस्यों के साथ गुरुवार को भालुकविंदा सिंसुनिया साल जंगल में अनोखे अंदाज में त्योहार मनाएंगी। इस दौरान जंगल के पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम में वन विभाग के साथ-साथ प्रखंड एवं अंचल प्रशासन के कई पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

पद्मश्री जमुना टुड्डू ने बताया कि वह वर्ष 2006 से लगातार रक्षाबंधन के दिन पेड़ों को राखी बांधकर यह पर्व मनाती आ रही हैं। इसकी शुरुआत उनके ससुराल मुटूरखाम के बेड़ाडीह टोला से हुई थी। तभी से वह पेड़ों को अपना भाई मानकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लेती हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जोहार भारत फाउंडेशन के तत्वावधान में भालुकविंदा सिंसुनिया साल जंगल में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीएफओ सबा आलम अंसारी, रेंजर दिग्विजय सिंह, बीडीओ आरती मुंडा, सीओ नवीन पूर्ती तथा थाना प्रभारी राजेश कुमार के शामिल होने की बात कही गई है। कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जमुना टुड्डू ने बताया कि उनकी समिति की ओर से गांव-गांव घूमकर लोगों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया है। इसी अभियान के क्रम में समिति का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि जंगल ग्रामीणों के साथ-साथ वन्यजीवों के जीवन का भी आधार है। जंगल सुरक्षित रहेगा, तभी पर्यावरण सुरक्षित और संतुलित रहेगा।

उन्होंने लोगों से पेड़ों की कटाई रोकने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और जंगल की हरियाली को बनाए रखने की अपील की। रक्षाबंधन के इस आयोजन के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers