LATEST NEWS

कोटेश्वर से अर्धचंद्रेश्वर महादेव मंदिर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा

By SUNIL PATIDAR • 2026-08-10 05:07 • 5 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
कोटेश्वर से अर्धचंद्रेश्वर महादेव मंदिर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा

निसरपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर शनिवार को कोटेश्वर तीर्थ से अर्धचंद्रेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा का शुभारंभ कोटेश्वर तीर्थ पर नर्मदा पूजन एवं जल भरने के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालु कावड़ लेकर अर्धचंद्रेश्वर महादेव मंदिर की ओर रवाना हुए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया गया।

अर्धचंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। कावड़ में लाए गए पवित्र नर्मदा जल से भगवान अर्धचंद्रेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कावड़ यात्रा के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की और आने वाले भक्तों को प्रसादी वितरित की।

श्रावण मास के इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन समिति एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। लंबे समय तक चले भंडारे में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी प्रसादी ग्रहण की।

कावड़ यात्रा और भंडारे के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सद्भाव की भावना को और मजबूत किया।

SUNIL PATIDAR 0 followers