प्रतापगढ़: गुमशुदगी की झूठी सूचना देने वाला गिरफ्तार
*पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में थाना मानिकपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, गुमशुदगी की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के प्रकरण का सफल खुलासा, 02 अभियुक्त/अभियुक्ता के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत, 01 अभियुक्त गिरफ्तार-*
*➡️ पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में गुमशुदगी एवं फौती सूचनाओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस के कुशल पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मानिकपुर पंकज कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवधेश सिंह यादव* मय हमराह कांस्टेबल संदीप पटेल द्वारा सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदगी की झूठी सूचना का सफल अनावरण किया गया।
*➡️ घटना का संक्षिप्त विवरण-*
दिनांक 21.07.2026 को आवेदिका नाजिया बेगम पत्नी मो० नदीम, निवासी चाकवन चौराहा, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी द्वारा थाना मानिकपुर पर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया गया कि उनके पति मो० नदीम (उम्र लगभग 37 वर्ष) दिनांक 20.07.2026 को रात्रि लगभग 09:00 बजे घर से निकले थे, जो वापस नहीं लौटे। अगले दिन शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु पर उनकी स्कूटी, एक जोड़ी चप्पल तथा बैटरी एवं सिम रहित मोबाइल फोन मिलने के आधार पर उनके गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना मानिकपुर पर फौती सूचना अंकित कर तत्काल आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारम्भ की गई।
*➡️ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई-*
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना मानिकपुर पुलिस द्वारा तत्काल स्थानीय गोताखोरों, नाविकों एवं एसडीआरएफ टीम की सहायता से गंगा नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर खोजबीन कराई गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, सीडीआर, सीएएफ तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच एवं सतत तलाश की गई।
विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि घटना के समय मो० नदीम अपने मित्र विजय के साथ दुर्गा भाभी सेतु के निकट देखा गया था। विजय से पूछताछ किए जाने पर उसने बताया कि मो० नदीम फरीदाबाद (हरियाणा) में मौजूद है। प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना मानिकपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 25.07.2026 को अभियुक्त मो० नदीम पुत्र मो० नसीम, निवासी चाकवन चौराहा, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी को गिरफ्तार किया गया।
*➡️ पूछताछ में हुआ खुलासा-*
पूछताछ के दौरान मो० नदीम ने लिखित रूप से बताया कि वह आर्थिक तंगी, बैंक ऋण एवं पारिवारिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में था तथा अपनी इच्छा से घर छोड़कर चला गया था। उसने स्वयं अपनी स्कूटी, मोबाइल फोन एवं चप्पल दुर्गा भाभी सेतु पर छोड़ दिए थे, जिससे उसके परिजनों को उसके गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या किए जाने का आभास हुआ। विवेचना एवं संकलित साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि मो० नदीम एवं उसकी पत्नी श्रीमती नाजिया बेगम द्वारा एक राय होकर पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य सरकारी संसाधनों को अनावश्यक रूप से खोज एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
*➡️ अभियोग पंजीकरण एवं गिरफ्तारी-*
उक्त प्रकरण में थाना मानिकपुर में तैनात उपनिरीक्षक
अवधेश सिंह यादव की तहरीर के आधार पर मो० नदीम पुत्र मो० नसीम एवं श्रीमती नाजिया बेगम पत्नी मो० नदीम, निवासीगण चाकवन चौराहा, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी के विरुद्ध थाना मानिकपुर पर मु0अ0सं0-177/2026, धारा 212, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियोग पंजीकृत होने के उपरांत थाना मानिकपुर पुलिस द्वारा अभियुक्त मो० नदीम पुत्र मो० नसीम, उम्र लगभग 37 वर्ष, निवासी चाकवन चौराहा, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में नामजद अभियुक्ता के विरुद्ध भी नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।