राज्य स्तरीय सम्मेलन में केन्द्रीय खाघ मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
राज्य स्तरीय सम्मेलन में केंद्रीय खाद्य मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
30 अगस्त 2026
आयोजन में शामिल हुए स्थानीय व्यापारी
नवदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) का राज्य स्तरीय सम्मेलन विगत दिनों मध्य प्रदेश विधानसभा भवन के मानसरोवर सभागार में आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान केंद्रीय खाद्य मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी भरतिया को सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसी भी खाद्य उत्पाद को जांच के लिए फूड अधिकारी द्वारा उठाए जाने पर सैंपल जांच से संबंधित नियमों की वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप समीक्षा की जाए। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान समय में रासायनिक खाद के उपयोग के कारण खाद्य वस्तुओं में रासायनिक अंश पाए जाने की संभावना रहती है, जिससे कई बार सैंपल फेल होने की स्थिति बनती है।
ज्ञापन में यह भी निवेदन किया गया कि किसी पैक्ड उत्पाद का सैंपल फेल होने की स्थिति में कार्रवाई संबंधित निर्माता कंपनी के खिलाफ की जाए, न कि विक्रेता के खिलाफ। व्यापारियों का तर्क है कि विक्रेता ने संबंधित माल जीएसटी का भुगतान कर पक्के बिल पर खरीदा है और वह उत्पाद का निर्माता नहीं है।
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मध्य प्रदेश के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नर्मदापुरम से अनिल अग्रवाल, व्यापारी कल्याण महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र चौकसे, किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष नितेश खंडेलवाल, उदित द्विवेदी, सुरेश मूलचंदानी, गोविंद मूलचंदानी, मुकेश श्रीवास्तव, अजय रतनानी और आशुतोष शरण तिवारी सहित अन्य स्थानीय व्यापारी भी सम्मेलन में शामिल हुए।