रतनथल में 26 सितंबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतवाणी
इंडियन प्रेस यूनियन | कोसली | होशियार सिंह- गांव रतनथल में शहीद प्रदीप सिंह चौहान मेमोरियल समिति की ओर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ 26 सितंबर को होगा और धार्मिक आयोजन 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान गांव का वातावरण भक्तिमय रहेगा और श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भगवान की लीलाओं, भक्ति और सद्मार्ग का संदेश सुनने का अवसर मिलेगा।
कथा का वाचन कथा व्यास पं. चैतन्य भारद्वाज (नंद गांव वाले) द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित होगी। आयोजन के शुभारंभ पर 26 सितंबर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु शामिल होंगे।
समिति की ओर से कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और भगवान की भक्ति एवं श्रीमद्भागवत के ज्ञान का लाभ लेने का आह्वान किया है।
शहीद प्रदीप सिंह चौहान मेमोरियल समिति के अध्यक्ष दलसिंह आर्य ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में शामिल होने की अपील की।