बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड रुधौली में धूमधाम से मनाया गया श्री विश्वकर्मा जयंती महोत्सव, हुआ भव्य हवन-पूजन व भंडारा
रुधौली (बस्ती)। बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, इकाई रुधौली के दोनों प्रभागों (शुगर व आसवनी इकाई) में सृष्टि के प्रथम अभियंता व देव शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती का महोत्सव अत्यंत विधि-विधान, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा भगवान श्री विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण व विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। तत्पश्चात आयोजित पावन यज्ञ एवं हवन में अधिकारियों व कर्मचारियों ने आहुतियां दीं तथा कारखाने की सुख-समृद्धि, उन्नति, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की सामूहिक प्रार्थना की।
पूजन कार्यक्रम में शुगर इकाई प्रमुख श्री जय प्रकाश त्रिपाठी, आसवनी इकाई प्रमुख श्री अजय कुमार अवस्थी, इंजीनियरिंग प्रमुख श्री अतुल कुमार झा एवं श्री श्रवण कुमार चौहान सहित मिल के समस्त विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हवन-पूजन के समापन के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके उपरांत आसवनी इकाई में एक विशाल भंडारे (प्रसाद वितरण) का आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। संपूर्ण महोत्सव आपसी सौहार्द, श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।