हरियाणा के कैथल में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल जा रहीं दो छात्राओं को कुचला; मौके पर ही मौत
सीवन में अनियंत्रित ट्रक ने दो छात्राओं को कुचला
नवनीत कौर और गुणदीप कौर की मौके पर मौत, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के अंतर्गत सीवन में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीवन के गांव मांडी सदरा से स्कूटर पर सवार होकर स्कूल जा रही दो छात्राओं को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया।
हादसे में दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
बाजार के पास मेन रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सीवन के मुख्य बाजार के पास मेन रोड पर हुआ। दोनों छात्राएं सीवन स्थित सरकारी कन्या विद्यालय में पढ़ती थीं। मृतकों की पहचान नवनीत कौर और गुणदीप कौर के रूप में हुई है।
दोनों आपस में सहेलियां थीं और रोजाना की तरह सुबह स्कूटर से स्कूल के लिए निकली थीं। नवनीत कौर 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि गुणदीप कौर 9वीं कक्षा की छात्रा थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने के बाद छात्राओं के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मामले की जांच जारी है।