State News

स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर चमका जमशेदपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-11-12 04:33 • 10 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर चमका जमशेदपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, झारखंड से चयनित हुआ एकमात्र शहर

जमशेदपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुरस्कार प्रदान किए। खास बात यह है कि इस वर्ष झारखंड से राष्ट्रीय सम्मान के लिए जमशेदपुर एकमात्र चयनित शहर रहा।

देशभर के 4,751 नगरीय निकायों के बीच आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण में यह उपलब्धि हासिल करना शहर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सम्मान जमशेदपुर की स्वच्छता व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देता है।

राष्ट्रीय समारोह में जमशेदपुर की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, सूडा के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद तथा टाटा स्टील यूआईएसएल के जनरल मैनेजर (टाउन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) रविंद्र कुमार सिंह ने प्रतिनिधित्व किया।

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण था। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल, बढ़ाएं हाथ करें सफाई साथ’ रखी गई थी। जमशेदपुर की उपलब्धि में सफाई कर्मचारियों के प्रयासों, प्रशासनिक व्यवस्था, टाटा स्टील यूआईएसएल की भूमिका और नागरिकों की भागीदारी का योगदान रहा।

12,500 अंकों के पैमाने पर हुआ शहरों का मूल्यांकन

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहरों का आकलन कुल 12,500 अंकों के आधार पर किया गया। इसमें 10,500 अंक जमीनी स्तर पर स्वच्छता की स्थिति और नागरिकों की प्रतिक्रिया से जुड़े मूल्यांकन के लिए निर्धारित थे, जबकि 2,000 अंक विभिन्न प्रमाणन मानकों के आधार पर निर्धारित किए गए थे।

प्रमाणन श्रेणी में ओडीएफ, ओडीएफ प्लस, ओडीएफ प्लस प्लस और वाटर प्लस जैसे मानकों के लिए 1,000 अंक तथा गार्बेज फ्री सिटी प्रमाणन के लिए 1,000 अंक निर्धारित किए गए थे।

जमीनी मूल्यांकन में दृश्य स्वच्छता, कचरे का पृथक्करण, ठोस कचरे का प्रबंधन, स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता, इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन, सेप्टिक टैंक की सफाई, स्वच्छता जागरूकता, संस्थागत व्यवस्था, सफाई कर्मियों का कल्याण और नागरिक शिकायतों के निवारण जैसे पहलुओं को शामिल किया गया था।

डिजिटल निगरानी और जमीनी निरीक्षण पर रहा जोर

इस बार सर्वेक्षण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अनुसार, देशभर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने शहरों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान जीपीएस आधारित निगरानी प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा दस्तावेजों और आंकड़ों को डिजिटल माध्यम से जमा कराने तथा उनके सत्यापन की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

जमशेदपुर को मिला यह सम्मान शहर की स्वच्छता व्यवस्था, प्रशासनिक प्रयासों और नागरिक भागीदारी से जुड़े कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को दर्शाता है।

##Latestupdate
SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers