व्यापारी को नहीं मिला न्याय,चालू खाते से निकले 1.24 लाख
मैलानी-खीरी। भारतीय स्टेट बैंक की मैलानी शाखा पर दवा व्यवसायी अरुण कुमार यादव के चालू खाते से 1.24 लाख रुपये निकाले जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। व्यापारी का कहना है कि इस घटना के कारण उन्हें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दवा व्यवसायी ने व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा उर्फ राजा भैया तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ मैलानी थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की थी।
घटना 27 जुलाई 2026 की है। व्यापारी के अनुसार, आउटसोर्सिंग कर्मचारी जतिन वर्मा ने फोन कर बताया कि शाखा प्रबंधक ने उन्हें बुलाया है। जब दवा व्यवसायी बैंक पहुंचे, तो उनसे कहा गया कि सीसी लिमिट अकाउंट को जारी रखने के लिए वाउचर पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिससे उनका खाता सही किया जा सके। व्यापारी का आरोप है कि इसके बाद उनके चालू खाते से 1.24 लाख रुपये निकल गए।
इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भी की गई थी। इसके बावजूद न्याय नहीं मिलने पर व्यापारी ने सीएम पोर्टल और आरबीआई को प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद प्रमुख शाखा प्रबंधक, लखीमपुर-खीरी, अजरा तबस्सुम जांच के लिए मैलानी शाखा पहुंचीं। उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरबीओ लखीमपुर-खीरी के निदांत श्रीवास्तव ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
व्यापारी अरुण कुमार यादव का आरोप है कि जब वह एसबीआई की मैलानी शाखा के प्रबंधक प्रेम कुमार यादव से शिकायत करने गए, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया। शिकायत दर्ज कराए हुए लगभग 30 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मैलानी थाना प्रभारी और सीओ गोला ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जल्द निस्तारण होने की संभावना है। अरुण कुमार यादव का यह भी आरोप है कि शाखा प्रबंधक उनके रिश्तेदारों को फोन कर उन पर दबाव बनवा रहे हैं।
वहीं, जब शाखा प्रबंधक प्रेम कुमार यादव से इस मामले में बात करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह फिलहाल मीडिया को कोई जानकारी नहीं दे सकते।