नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों से पहले बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, CISF और AI निगरानी प्रणाली तैनात
जेवर (ग्रेटर नोएडा): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से प्रस्तावित वाणिज्यिक उड़ानों के संचालन से पहले सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बीसीएएस (ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी) की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप एयरपोर्ट पर बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली, एआई आधारित निगरानी, एंटी-ड्रोन तकनीक तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की तैनाती की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगभग 1030 CISF जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा एयरपोर्ट थाना संचालित किया जा रहा है, जिससे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
एआई आधारित निगरानी और एंटी-ड्रोन सिस्टम
एयरपोर्ट परिसर में हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो एआई आधारित निगरानी प्रणाली से जुड़े हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर एंटी-ड्रोन सिस्टम भी स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर फाइटिंग यूनिट, मेडिकल इमरजेंसी रिस्पांस टीम और क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को भी तैनात किया गया है।
CISF संभालेगी एयरसाइड सुरक्षा
यात्रियों और विमान संचालन की सुरक्षा के लिए एयरसाइड क्षेत्र की जिम्मेदारी CISF को सौंपी गई है। सुरक्षा बलों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, जिनमें संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और निष्क्रिय करने में सक्षम विशेष तकनीकी संसाधन भी शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों में विभाजित किया गया है। एयरसाइड क्षेत्र के अतिरिक्त अन्य हिस्सों में उत्तर प्रदेश पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहेंगे।
त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष वाहन
क्विक रिएक्शन टीम को आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष सुरक्षा वाहनों से लैस किया गया है। इन वाहनों का उपयोग सुरक्षा अभियानों और संवेदनशील परिस्थितियों में प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
एयरपोर्ट थाना हुआ सक्रिय
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्य प्रवेश बिंदु पर घरेलू यात्री टर्मिनल थाना का संचालन शुरू कर दिया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार, विशेष प्रशिक्षण प्राप्त एक निरीक्षक, एक वरिष्ठ उपनिरीक्षक, 20 हेड कांस्टेबल, 33 कांस्टेबल तथा पांच महिला कांस्टेबल सहित कुल 74 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये कर्मी एयरपोर्ट परिसर, पार्किंग क्षेत्र, पिक-एंड-ड्रॉप जोन तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि उड़ानों के संचालन से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण और समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।