*कंपोजिट विद्यालय सकरौली में विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित*
-शिविर में 252 लोगों का हुआ नेत्र परीक्षण 25 लोग मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित
चित्रकूट, 9 मई। विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय जानकी कुंड के सहयोग से कंपोजिट विद्यालय सकरौली में विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना, अतिथि स्वागत एवं बैज अलंकरण के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव एवं कंपोजिट विद्यालय सकरौली के समस्त स्टाफ की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी के सभासद शंकर प्रसाद यादव उपस्थित रहे, जबकि विशेष सहयोग रामनरेश यादव प्रधान प्रतिनिधि द्वारा किया गया। इस अवसर पर 252 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया इसमें 25 लोग ऑपरेशन हेतु चिन्हित किए गए और 102 लोगों को आई ड्रॉप दिया गया।
शिविर में बुजुर्ग महिला पुरुषों के अलावा सैकड़ों बच्चों की नेत्र जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों की काउंसलिंग भी की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता, पोषण एवं आंखों की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर विकास पथ सेवा संस्थान द्वारा बच्चों को निःशुल्क ग्लूकोन-डी एवं वाटिका कोकोनट ऑयल का वितरण भी किया गया। जानकीकुंड ट्रस्ट के निदेशक डॉ . इलेश जैन के निर्देशन में उनकी टीम के प्रभारी उमाशंकर शुक्ल विनय यादव बृजेश यादव दिलीप कुमार संतोष मिश्रा आदि के द्वारा सैकड़ों ग्रामीणों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निशुल्क चश्मा एवं दवाओं का वितरण ,नेत्र की जांच और ऑपरेशन हेतु आंखों के मरीजों को चिन्हित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं अतिथियों को प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर को लेकर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर डॉ प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर ही समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि विकास पथ सेवा संस्थान आगे भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक सत्यनारायण ,नीलम त्रिपाठी, गौरव बाजपेई सुरेंद्र तिवारी धर्मराज विकास पटेल अमित सिंह कुशवाहा बृजलाल मनीषा सुनीता के अलावा गांव के समाजसेवी शिवशंकर पांडेय घनश्याम विश्वकर्मा शारदा प्रसाद पांडेय अजीत यादव गिरिजा शरण नरेंद्र तिवारी जयकरण यादव ,जय करण कोटार्य भरत शरण तिवारी नरेंद्र तिवारी गीता सोनी शत्रुघ्न बुद्ध प्रकाश प्रजापति श्री भगवान गौतम भगवानदीन यादव जयकरण आदि अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति संयोजक प्रधानाध्यापक सोमनाथ यादव द्वारा आभार व्यक्त किया गया।