सुलतानपुर* बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिघोली गांव में हुए गोली कांड को लेकर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सुलतानपुर | संवाददाता रिपोर्ट
सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिघौली गांव में हुए फायरिंग कांड के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिवेणी यादव (59) पुत्र केदारनाथ यादव और राजेश कुमार (32) पुत्र वंशराज, निवासी बिघौली थाना बल्दीराय के रूप में हुई है।
पुलिस ने त्रिवेणी यादव के पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा, 7 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस बरामद किए। वहीं, राजेश कुमार के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल को बिघौली गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।