लखनऊ, बीकेटी। नैमिष नगर योजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण में सर्किल रेट के कथित भेदभाव के विरोध में ग्राम सैरपुर बाजार के पास किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। किसानों का आरोप है कि समान प्रकृति की भूमि होने के बावजूद अलग-अलग ग्राम सभाओं के लिए अलग-अलग सर्किल रेट तय किए गए हैं। उनका कहना है कि आठ ग्राम सभाओं को लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि दस ग्राम सभाओं के लिए मात्र 81 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि समान भूमि के लिए समान मुआवजे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और ग्रामीण शामिल हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि कई दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद एलडीए का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।