EV लेने का प्लान है तो चार्जिंग की टेंशन नहीं, दिल्ली में ईवी चार्जिंग प्वाइंट्स की संख्या 10,000 पार
दिल्ली सरकार ने घोषणा की है कि शहर में ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। कुल चार्जिंग प्वाइंट्स की संख्या 10,000 से अधिक हो गई है, जिसमें हाल के महीनों में 3,000 से अधिक नए जोड़े गए हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कहा है कि दिल्ली में ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे में पिछले एक साल में रिकार्ड विस्तार हुआ है और कुल चार्जिंग प्वाइंट की संख्या 10,000 से अधिक हो गई है, जिनमें से 3,000 से अधिक पिछले कुछ महीनों में जोड़े गए हैं। दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि शहर में चार्जिंग प्वाइंट की संख्या में तेजी से वृद्धि नई सरकार के तहत नीति-स्तरीय स्पष्टता और त्वरित कार्यान्वयन का परिणाम है।
चार्जिंग स्टेशन की नहीं होने देंगे कमी
उन्होंने एक बयान में कहा है कि सरकार की ईवी नीति के मसौदे के तहत चार्जिंग बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है और हम शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की वृद्धि को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन सुनिश्चित करेंगे।
सूद ने कहा कि बिजली विभाग बढ़ती चार्जिंग मांग को पूरा करने के लिए दिल्ली में बिजली और वितरण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है, जो नई ईवी नीति के कार्यान्वयन के साथ बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में चार्जिंग स्टेशन कितने हैं?
सरकार के अनुसार 2025-26 में, बीएसईएस डिस्काॅम ने 1,241 स्थानों पर 1,600 से अधिक ईवी चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए- जो एक साल में अब तक का सबसे अधिक हैं।
अब तक बीएसईएस डिस्काॅम-बीआरपीएल और बीवाईपीएल ने मिलकर दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और मध्य दिल्ली में 3,400 से अधिक स्थानों पर 6,500 से अधिक ईवी चार्जिंग प्वाइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए हैं।
इनमें 3,217 निजी चार्जिंग प्वाइंट, 2,273 स्थानों पर हैं। इसके बाद 2,870 सार्वजनिक चार्जिंग प्वाइंट 838 स्थानों पर और 465 कैप्टिव चार्जिंग प्वाइंट 314 स्थानों पर हैं। वहीं, 340 बैट्री स्वैपिंग स्टेशन नेटवर्क का 5 प्रतिशत हिस्सा हैं।
1,641 ईवी कनेक्शन 2025-26 में चालू हुए
निजी श्रेणी के तहत कनेक्शन बड़े पैमाने पर घरेलू कनेक्शन हैं जो 50-60 प्रतिशत, आरडब्ल्यूए या ग्रुप हाउसिंग सोसायटी 15-20 प्रतिशत और 20-25 प्रतिशत वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर हैं। टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) डिस्कॉम जो उत्तरी दिल्ली क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति करती है, ने अब तक 3,783 ईवी कनेक्शनों को सक्रिय किया है, जिनमें से 1,641 ईवी कनेक्शन 2025-26 में चालू हो गए हैं।