कौशांबी। करारी थाना क्षेत्र स्थित एक वन स्टॉप सेंटर में रह रही 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के आदेश पर कुछ समय पहले वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। इससे पहले वह एक मामले में बरामद की गई थी। बताया गया कि परिजनों ने उसे अपने साथ रखने से इनकार किया था।
बुधवार को सेंटर के भीतर किशोरी के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। इसके बाद अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद वन स्टॉप सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा किए जाने की बात कही जा रही है।