May 18, 2026

मानगो पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक करें उप नगर आयुक्त: Saryu Roy

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर मानगो पेयजल परियोजना की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताया है। उन्होंने मांग की है कि परियोजना की अद्यतन स्थिति और पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति को सार्वजनिक किया जाए, ताकि तकनीकी और प्रशासनिक कमियों को दूर कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

परियोजना की स्थिति पर जताई गंभीर चिंता

अपने पत्र में सरयू राय ने कहा कि नवंबर 2024 में पुनः विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मानगो नगर निगम, तत्कालीन उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा नगर विकास विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठकें की थीं। साथ ही परियोजना क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण भी किया था।

उन्होंने बताया कि पिछले 5-6 वर्षों में इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, जलमीनारों और वितरण प्रणाली की स्थिति में लगातार गिरावट आई है। इसका असर सीधे तौर पर मानगो क्षेत्र की हजारों आबादी पर पड़ रहा है।

मोटर पंप खरीदने से लेकर सफाई तक के लिए किए गए प्रयास

सरयू राय ने कहा कि परियोजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए उनके प्रयासों से विभिन्न क्षमता के मोटर पंप खरीदे गए। इसके अलावा इंटेकवेल में जमे 6 से 8 फीट बालू को हटाने के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने यह भी बताया कि नदी के पानी में मानवजनित गंदगी को रोकने के लिए इंटेकवेल के दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण हेतु भी विधायक निधि से धन दिया गया।

कई इलाकों में 5 से 10 मिनट ही आता है पानी

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि मानगो के कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति अत्यंत अनियमित है। कुछ स्थानों पर केवल 5 से 10 मिनट तक पानी आता है, जबकि कई क्षेत्रों में रात 12 बजे से 2 बजे के बीच जलापूर्ति की जाती है। इससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने इस स्थिति को “चिंताजनक और हास्यास्पद” बताया।

समानुपातिक जलापूर्ति का नहीं हुआ प्रभावी क्रियान्वयन

सरयू राय ने कहा कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सभी क्षेत्रों में समानुपातिक जल वितरण की योजना पर सहमति बनी थी, लेकिन मानगो नगर निगम द्वारा इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं किया गया। नतीजतन, कुछ इलाकों में पर्याप्त पानी पहुंचता है, जबकि कई मोहल्ले आज भी नियमित जलापूर्ति से वंचित हैं।

जनता के सामने रखी जाए पूरी जानकारी

पत्र में उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के बाद चुने गए प्रतिनिधियों द्वारा अखबारों में अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं। ऐसे में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। इसे समाप्त करने के लिए नगर निगम को चाहिए कि वह परियोजना की तकनीकी स्थिति, संचालन व्यवस्था, जलापूर्ति समय-सारिणी और सुधारात्मक कदमों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करे।

नियमित जलापूर्ति के लिए ठोस कार्रवाई की मांग

विधायक ने कहा कि पारदर्शिता से ही समस्याओं का समाधान संभव है। यदि मानगो पेयजल परियोजना की वर्तमान स्थिति जनता के सामने रखी जाएगी तो त्रुटियों की पहचान होगी और नियमित, निर्बाध तथा समान जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION