मेरठ: नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर स्थित इंदिरा गांधी पार्क में लगी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। शनिवार सुबह पार्क पहुंचे लोगों ने प्रतिमा के एक हिस्से को टूटा हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि प्रतिमा को तत्काल ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि प्रतिमा बच्चों के खेलने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।