आगरा के बृजभोग मिष्ठान पर 4 करोड़ की कर चोरी पकड़ी
आगरा के बृजभोग मिष्ठान पर 04 करोड़ की कर चोरी पकड़ी: SGST की 14 घंटे चली छापेमारी, पक्के बिल नहीं देने का खुलासा; 24.83 लाख ITC जमा करने का निर्देश..आगरा राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने प्रसिद्ध बृजभोग मिष्ठान्न भंडार पर 14 घंटे की जांच के बाद बुधवार शाम को करीब चार करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा किया है। जांच में पाया गया कि फर्म कच्चे माल की खरीद के अनुपात में मिठाई और नमकीन का उत्पादन कम दिखा रही थी और नकद बिक्री पर कोई कर जमा नहीं कर रही थी।
27 अधिकारियों की टीम ने की छापेमारी
अपर आयुक्त ग्रेड-1 पंकज गांधी और अपर आयुक्त ग्रेड-2 (SIB) अंजनी कुमार अग्रवाल की देखरेख में मंगलवार दोपहर की गई इस छापेमारी में 27 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। बृजभोग मिष्ठान्न भंडार के मोती कटरा, जयपुर हाउस और खतैना स्थित ठिकानों पर लगभग 14 घंटे चली जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
पक्के बिल नहीं देने का खुलासा
विभागीय रेकी और सैंपल खरीदारी में पता चला कि मोती कटरा स्थित मुख्य प्रतिष्ठान पर ग्राहकों को बिल नहीं दिया जा रहा था, जबकि कई उत्पादों की कीमत में जीएसटी शामिल था। इसके अलावा, जयपुर हाउस स्थित शाखा की बिक्री का रिटर्न में कोई जिक्र नहीं था।
50 लाख की अवैध बिक्री के सबूत
जांच के दौरान फर्म के पास जुलाई 2026 से अब तक की लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की बिक्री के कच्चे पर्चे मिले। व्यापारी इन पर्चों का मिलान अपनी लेखा-पुस्तकों से नहीं करा सका। डेटा विश्लेषण से पता चला कि फर्म मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की खपत की तुलना में मिठाई का उत्पादन काफी कम दिखा रही थी।
24.83 लाख ITC जमा करने का निर्देश
संयुक्त आयुक्त (SIB) चंद्रकांत रल्हन ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि व्यापारी करमुक्त आपूर्ति और रेस्तरां सेवा के सापेक्ष इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) रिवर्सल नहीं कर रहा था। व्यापारी को 24.83 लाख रुपये ITC जमा करने और अपनी लेखा-पुस्तकों को नियमित करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने कर, अर्थदंड और जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए हैं। जांच अभी जारी है और विभाग को और अधिक कर चोरी सामने आने की संभावना है।