LATEST NEWS

आगरा नगर निगम में भ्रष्टाचार पर नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन

By JAHID KHAN • 2026-10-12 11:00 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
आगरा नगर निगम में भ्रष्टाचार पर नगर आयुक्त का बड़ा एक्शन

आगरा ब्रेकिंग:

आगरा नगर निगम में अनियमितताओं पर कार्रवाई: जोनल क्लर्क निलंबित, ठेकेदार फर्म ब्लैकलिस्ट, जांच कमेटी गठित

आगरा। नगर निगम में निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों में अनियमितताओं के मामले में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कार्रवाई करते हुए लोहामंडी जोन के जोनल क्लर्क को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही संबंधित ठेकेदार फर्म मैसर्स डीके कंस्ट्रक्शन को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डाल दिया गया है।

गोपनीय शिकायत पर हुई कार्रवाई

मामला लोहामंडी जोन के कक्ष संख्या-26, खटीक बस्ती में हॉल की मरम्मत और निर्माण कार्यों से जुड़ा है। गोपनीय शिकायत के आधार पर नगर आयुक्त ने मामले की जांच कराई थी। जांच के दौरान दो अलग-अलग पत्रावलियों में अनियमितताएं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। पहली पत्रावली हॉल की छत और फर्श की मरम्मत तथा रंगाई-पुताई के कार्य से संबंधित है, जबकि दूसरी पत्रावली इसी परिसर में हॉल की बाउंड्रीवॉल और गेट के निर्माण कार्य से जुड़ी है।

अन्य पत्रावलियों की भी होगी जांच

नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच को संबंधित दो पत्रावलियों तक सीमित नहीं रखा है। अन्य पत्रावलियों और अभिलेखों की जांच के लिए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई है। समिति संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

‘अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी’

नगर आयुक्त ने कहा है कि नगर निगम के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस तरह के मामले सामने आने पर संबंधित ठेकेदारों, कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेखों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

##latestupdate
JAHID KHAN 1 follower