PRESS RELEASE

गौ सम्मान आह्वान अभियान: झारखंड में एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य, 17 दिसंबर को रांची में जुटेंगे एक लाख गौभक्त

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-10-08 07:23 • 15 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
गौ सम्मान आह्वान अभियान: झारखंड में एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य, 17 दिसंबर को रांची में जुटेंगे एक लाख गौभक्त

जमशेदपुर। देशभर में गौरक्षा और गौसेवा को लेकर चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत जमशेदपुर में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। संतों के नेतृत्व में संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने समेत कुल 36 प्रमुख मांगों के समर्थन में देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत झारखंड से एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

राजस्थान स्थित श्री पंचखण्ड के पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज ने जमशेदपुर में पत्रकारों को अभियान की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में 17 दिसंबर को रांची में करीब एक लाख गौभक्तों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान विभिन्न मांगों के समर्थन में जुटाए गए हस्ताक्षरों को झारखंड के मुख्य सचिव के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को सौंपने की योजना है।

स्वामी सोमेंद्र महाराज के अनुसार, अभियान के तहत इससे पहले 27 अप्रैल और 27 जुलाई को देशभर में दो चरणों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि इन दोनों चरणों में करीब 21 करोड़ हस्ताक्षर जुटाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि झारखंड में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न जिलों में गौभक्तों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को गौरक्षा, गौसेवा और अभियान की मांगों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के तहत 15 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक झारखंड में 21 दिवसीय गौरक्षा यात्रा भी निकाली जाएगी। यात्रा के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ने की तैयारी है।

जमशेदपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गौ सम्मान आह्वान अभियान के जमशेदपुर संभाग प्रभारी एवं गौभक्त सुमित खण्डेलवाल, जमशेदपुर प्रभारी विनय शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

##latestupdate
SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers