वर्चुअल जनसुनवाई में एसपी जालौन ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
उरई। जनपद जालौन में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जनसुनवाई के दौरान थानों एवं पुलिस कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों और फरियादियों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न मामलों की जानकारी प्राप्त कर उनके निस्तारण की प्रगति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका संतोषजनक समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। बैठक में बेहतर पुलिसिंग एवं जनसहयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।