SOCIAL WORK

सबर समाज के 200 जरूरतमंदों तक पहुंची मदद, ‘साथ हम सबका फाउंडेशन’ ने बांटे उपयोगी कपड़े

By SUSHIL KUMAR RAMRAIKA • 2026-09-14 09:58 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
सबर समाज के 200 जरूरतमंदों तक पहुंची मदद, ‘साथ हम सबका फाउंडेशन’ ने बांटे उपयोगी कपड़े

जमशेदपुर। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय 'साथ हम सबका फाउंडेशन' ने पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड स्थित रांगा माटिया गांव में जरूरतमंद सबर समाज के लोगों के बीच कपड़ों का वितरण किया। फाउंडेशन की ओर से करीब 200 बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को पुराने लेकिन साफ-सुथरे और उपयोग योग्य कपड़े उपलब्ध कराए गए।

जमशेदपुर शहर से करीब 52 किलोमीटर दूर आयोजित इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के हेड ऑफ कमेटी आशीष अग्रवाल, को-हेड प्रतीक पसारी और शिरमा देवगम ने जरूरतमंदों के बीच कपड़ों का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में कपड़े मिलने की खुशी साफ नजर आई।

फाउंडेशन के सदस्यों ने इस अभियान के लिए शहर और आसपास के विभिन्न स्थानों से अच्छे और पहनने योग्य पुराने कपड़े एकत्र किए। इसके बाद कपड़ों को व्यवस्थित तरीके से छांटकर,आयरन करके पैक किया गया और रांगा माटिया सहित आसपास के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया गया।

फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि समाज में कई ऐसे परिवार हैं, जिन्हें छोटी-सी मदद भी बड़ी राहत देती है। इसी सोच के साथ संस्था जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है। सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम लगातार जारी रखने का संकल्प लिया।

फाउंडेशन ने आम लोगों से भी अपील की कि घरों में रखे ऐसे पुराने कपड़े, जो अब इस्तेमाल में नहीं हैं लेकिन पहनने योग्य हैं, उन्हें जरूरतमंदों के लिए दान करें। इससे बेकार पड़े कपड़े किसी जरूरतमंद के काम आ सकते हैं।

'साथ हम सबका फाउंडेशन' इससे पहले भी रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और अन्य सामाजिक सेवाओं के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना और समाज में सहयोग एवं सेवा की भावना को मजबूत करना है।

SUSHIL KUMAR RAMRAIKA 0 followers