मानवता, सेवा और सामाजिक एकजुटता की प्रेरक मिसाल बना वैष्णव समाज का सहयोग अभियान।
सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल होकर कोमा में पहुंचे महेश वैष्णव, उपचार के लिए समाजजनों ने जुटाई सहायता
✔ उदयपुर में जारी है उपचार
✔ समाजजनों ने जुटाए 50 से 55 हजार रुपए
✔ राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के कई जिलों से मिला सहयोग
✔ डॉ. उदय भौमिक ने उपचार में रियायत देने का दिया आश्वासन
✔ सामाजिक संस्थाओं व भामाशाहों से भी सहयोग की उम्मीद
फलीचंड़ा निवासी रामचंद्र वैष्णव (उद्घोषक एवं वैष्णव चिंतक) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमच जिले के पलसोड़ा निवासी महेश वैष्णव सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके सिर में गहरी चोट लगने के बाद स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने एवं आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलने के कारण मरीज की बहन रानी वैष्णव ने उदयपुर वैष्णव वैरागी समाज से सहायता की अपील की। इस पर फलीचंड़ा निवासी रामचंद्र वैष्णव ने उदय हॉस्पिटल के चीफ न्यूरो सर्जन डॉ. उदय भौमिक से संपर्क कर उपचार में यथासंभव रियायत देने का आग्रह किया।
डॉ. उदय भौमिक ने उपचार में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा समाजजनों से मरीज की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। इसके बाद राजस्थान के उदयपुर, सलूंबर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ सहित मध्यप्रदेश के नीमच एवं मंदसौर जिलों के समाजजनों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
समाजजनों के सहयोग से अब तक लगभग 50 से 55 हजार रुपए की सहायता राशि एकत्रित की जा चुकी है तथा सहयोग का क्रम लगातार जारी है। परिवार ने सामाजिक संस्थाओं, संगठनों, भामाशाहों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से भी आर्थिक सहयोग और उपचार सहायता की उम्मीद जताई है।
संकट की इस स्थिति में समाजजनों की ओर से मरीज के उपचार के लिए आर्थिक सहयोग किया जा रहा है। परिवार ने उपचार जारी रखने के लिए आगे भी सहयोग की अपील की है।