लखीमपुर खीरी शाहजहांपुर को जोड़ने वाले बहेलिया बाबा पुल पर भरा बरसात का पानी, सैकड़ों गांवों का आवागमन ठप
मैलानी लखीमपुर खीरी। शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी जिले को जोड़ने वाले मैलानी-खुटार मार्ग पर स्थित बहेलिया बाबा पुल पर बरसात का पानी भर जाने से दोनों जिलों का संपर्क बाधित हो गया है। पुल पर घुटनों तक पानी भरने से सैकड़ों गांवों के लोगों को निकलने में भारी मुश्किल हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार राजा मंडी, मक्कागंज, भोलापुर, बनकटा सहित आसपास के दर्जनों गांव इसी पुल से होकर गुजरते हैं। पानी भरने से स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और दैनिक मजदूरों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग दोनों जिलों के लिए लाइफलाइन है। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि बड़े वाहनों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने दोनों जिलों के प्रशासन से मांग की है कि बहेलिया बाबा पुल पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जाए और पुल की ऊंचाई बढ़ाकर स्थायी समाधान निकाला जाए।