LATEST NEWS

एमएलसी चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच पूरी

By JAHID KHAN • 2026-10-09 10:59 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
एमएलसी चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच पूरी

आगरा MLC चुनाव: स्नातक सीट के 7 नामांकन निरस्त, शिक्षक सीट के सभी 15 पर्चे वैध; 28 प्रत्याशी मैदान में

आगरा: आगरा खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच पूरी हुई। जांच के दौरान स्नातक सीट से सात प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 15 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। इसके बाद दोनों सीटों पर कुल 28 प्रत्याशी मैदान में रह गए।

स्नातक सीट पर 13 प्रत्याशियों के पर्चे वैध

आगरा खंड स्नातक सीट के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के बाद भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप, सपा के शशांक यादव, स्वदेश हिंद पार्टी के मतेंद्र सिंह गहलोत, आजाद समाज पार्टी के दक्ष कुमार और निर्दलीय उम्मीदवारों में अनुराग सिंह, अंबरीश कुमार, मानवेंद्र प्रताप सिंह (टूंडला), अंबरीश पाल सिंह, रघुराज सिंह, राहुल गुप्ता, राहुल राज, रूप सिंह और रुमा कुमारी के नामांकन वैध पाए गए।

वहीं, बहुजन क्रांति दल के आनंद कुमार और निर्दलीय प्रत्याशियों आंबेडकरी हसनूराम, भूपेंद्र सिंह, मानेंद्र सिंह चौहान, राम किशन द्विवेदी, रनवीर सिंह और धर्मपाल सिंह के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए।

शिक्षक सीट पर सभी 15 नामांकन वैध

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दाखिल सभी 15 नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। इनमें भाजपा के हरि किशोर तिवारी, सपा के आकाश अग्रवाल और निर्दलीय प्रत्याशियों में डॉ. आकाश अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, जगवीर सिंह, दिलीप कुमार, धीरज सिंह, ब्रह्मजीत सिंह, भोज कुमार शर्मा, मदन मोहन शर्मा, मोहम्मद वसीम, रण विजय यादव, राजू प्रसाद, राहुल पाराशर और सुनील कुमार शामिल हैं।

9 अक्टूबर तक नाम वापसी, 23 को मतदान

नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 28 प्रत्याशी मैदान में हैं। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची स्पष्ट होगी।

निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, दोनों सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।

##Latestupdate
JAHID KHAN 1 follower