लखनऊ के बक्शी का तालाब तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान नैमिष नगर योजना से प्रभावित 18 ग्राम पंचायतों के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
लखनऊ: नैमिष नगर योजना से प्रभावित किसानों ने समान मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
लखनऊ के बक्शी का तालाब तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान नैमिष नगर योजना से प्रभावित 18 ग्राम पंचायतों के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मुआवजे की दरों में कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि योजना में शामिल कुछ गांवों के किसानों को लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि अन्य गांवों के किसानों के लिए करीब 81 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा प्रस्तावित है। किसानों ने सभी प्रभावित गांवों के लिए समान दर से मुआवजा देने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल करने की बात भी किसानों ने कही है।
एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा, "हम सभी गांवों के किसानों को समान मुआवजा और भूमि पूलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। यदि 15 दिनों में हमारी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो हम भूख हड़ताल सहित बड़ा आंदोलन करेंगे।"
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने किसानों की शिकायतें सुनीं और उन्हें नियमानुसार कार्रवाई तथा उचित स्तर पर मामले के निस्तारण का आश्वासन दिया।