NATIONAL NEWS

"संविधान, अनुशासन और सेवा कानून का स्पष्टीकरण" ​अनुच्छेद 311(1) की सीमा और प्रशासनिक संतुलन: सुप्रीम कोर्ट का नज़ीरी फ़ैसला,

By VIJAY KUMAR • 2026-09-26 11:25 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
"संविधान, अनुशासन और सेवा कानून का स्पष्टीकरण" ​अनुच्छेद 311(1) की सीमा और प्रशासनिक संतुलन: सुप्रीम कोर्ट का नज़ीरी फ़ैसला,

लेखक: विजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार ,

दिल्ली : ​ सर्वोच्च न्यायालय ने यूनियन ऑफ इंडिया बनाम रामधनी प्रसाद मामले में संविधान के अनुच्छेद 311(1) के व्यावहारिक और तकनीकी दायरे को स्पष्ट कर प्रशासनिक विधि के क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण स्पष्टता प्रदान की है।
चार दशकों से अधिक समय से खिंचे चले आ रहे इस विवाद को विराम देते हुए शीर्ष अदालत ने यह रेखांकित किया कि संवैधानिक सुरक्षा कवच को कानूनी त्रुटियों का ढाल नहीं बनाया जा सकता।

​1. कॉल लेटर बनाम नियुक्ति पत्र: तकनीकी भ्रम का निवारण,
​इस प्रकरण की सबसे बड़ी न्यायिक गुत्थी यह थी कि 'नियुक्ति प्राधिकारी' कौन था?
​हाईकोर्ट और अपीलीय अदालत ने मई 1979 में कमांडेंट द्वारा जारी कॉल लेटर को नियुक्ति मान लिया था।
​सुप्रीम कोर्ट ने इस भ्रम को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि किसी अभ्यर्थी को प्रशिक्षण के लिए बुलाना अंतिम नियुक्ति नहीं है।
कॉल लेटर केवल एक 'सशर्त प्रस्ताव' (Conditional Offer) था, जिसकी अनिवार्य शर्त ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करना थी।

​वास्तविक नियुक्ति दिसंबर 1979 के 'बटालियन ऑर्डर' से प्रभावी हुई, जिसे असिस्टेंट कमांडेंट ने जारी किया था। अदालत का यह तर्क प्रशासनिक प्रक्रियाओं में 'चयन प्रक्रिया' और 'नियुक्ति के निष्पादन' के बीच के भेद को बेहद सुदृढ़ करता है।

​2. अनुच्छेद 311(1) का दायरा: समकक्ष बनाम अधीनस्थ,
​संविधान का अनुच्छेद 311(1) सिविल सेवकों को मनमानी बर्खास्तगी से सुरक्षा प्रदान करता है। इसका मूल मंत्र है:
​"कोई भी अधिकारी अपने से वरिष्ठ द्वारा नियुक्त किए गए कर्मी को तब तक नहीं हटा सकता जब तक वह स्वयं उस स्तर या उससे उच्च पद पर न हो।"

​इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को पलटते हुए जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि यह अनुच्छेद यह अनिवार्यता नहीं थोपता कि बर्खास्तगी सिर्फ उसी मूल प्राधिकारी द्वारा की जाए जिसने नियुक्ति की थी।
संवैधानिक प्रतिबंध केवल तब लागू होता है जब बर्खास्तगी आदेश पारित करने वाला अधिकारी, नियुक्ति प्राधिकारी से रैंक में अधीनस्थ (Subordinate in rank) हो।
चूंकि एडजुटेंट का पद असिस्टेंट कमांडेंट के समकक्ष था और नियमों के तहत उसे दंडात्मक अधिकार प्राप्त थे, इसलिए इसे असंवैधानिक नहीं ठहराया जा सकता।

​3. बलों में अनुशासन और अनुपस्थिति पर सख्त रुख
​रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) जैसे अनुशासित अर्धसैनिक और सुरक्षा बलों में बिना सूचना 72 दिनों की अनधिकृत अनुपस्थिति कोई सामान्य प्रशासनिक चूक नहीं है। पीठ ने इस दलील को भी खारिज कर दिया कि एकतरफा (ex-parte) जांच प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन थी। जब कर्मी को सूचना दी गई हो और वह उपस्थित न हुआ हो, तो अनुशासनहीनता के आधार पर की गई विभागीय कार्रवाई को नैसर्गिक न्याय की दुहाई देकर अमान्य नहीं किया जा सकता।

​ निष्कर्ष :
​सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय तीन प्रमुख संदेश देता है।

1. ​प्रशासनिक स्पष्टता:
सेवा नियमों में शक्तियों के प्रत्यायोजन (Delegation of Powers) और समकक्ष पदों की वैधानिकता को बिना आधार चुनौती नहीं दी जा सकती।

2. ​संवैधानिक प्रावधानों की शाब्दिक व्याख्या: अनुच्छेद 311(1) मनमाने निष्कासन से बचाव का कवच है, न कि अनुशासनहीनता के मामलों में तकनीकी खामियाँ ढूंढकर बचने की ढाल।

3. ​न्यायिक देरी पर आत्ममंथन:
1983 की बर्खास्तगी का मामला 2026 में अंतिम निष्कर्ष तक पहुँचना यह दर्शाता है कि सेवा मामलों में न्यायिक व्यवस्था को त्वरित सुनवाई और तकनीकी बिंदुओं के त्वरित निपटान की कितनी आवश्यकता है।

VIJAY KUMAR 0 followers