PRESS RELEASE

थाना कोसली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 11 गिरफ्तार

By RAJKUMAR YADAV • 2026-10-07 06:57 • 7 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
थाना कोसली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 11 गिरफ्तार

थाना कोसली पुलिस की कार्रवाई: जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 11 गिरफ्तार

रेवाड़ी प्रेस यूनियन इंडिया रिपोर्टर डॉ. राजकुमार यादव

थाना कोसली पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अनिल निवासी गांव आम्बोली, जिला झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

घटना का विवरण:

जांचकर्ता ने बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी, कोसली निवासी कमल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उनकी गली में रामकुमार द्वारा खोदी गई कुंई के धंसने से उसके मकान की दीवारों में दरारें आ गई थीं, जिसको लेकर विवाद चल रहा था।

इसी संबंध में 20 अगस्त को वह अपने दोस्तों—रोहित (निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, कोसली), दुष्यंत (निवासी गांव शाहदत नगर) और सुनील कुमार (निवासी गांव मुंडाहेड़ा, हाल सुमेर कॉलोनी, कोसली)—के साथ गाड़ी में कोसली के एसडीएम कार्यालय में शिकायत देने गया था। उसके पिता जयप्रकाश भी अपनी बाइक से वहां पहुंचे थे। शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वे लौट रहे थे, तभी उसके दोस्त दुष्यंत के व्हाट्सएप पर सचिन उर्फ गोलू का कॉल आया, जिसने शिकायत के संबंध में बातचीत करने के लिए उन्हें कोसली बाईपास नहर पर बुलाया।

जब वह और उसके साथी बाईपास नहर पर पहुंचे, तो साल्हावास डिग की तरफ से तीन गाड़ियां आकर रुकीं। गाड़ियों में से लगभग 15-20 युवक उतरे, जिनमें सतेन्द्र, हिमांशु, माणिक, सचिन उर्फ गोलू, कपिल, हर्ष, मोनू व अन्य शामिल थे। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने आते ही लाठी-डंडों से उस पर और उसके साथियों पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने उन्हें बचाया। शिकायत के अनुसार, जाते-जाते आरोपियों ने शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस की पूर्व कार्रवाई और बरामदगी:

शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना कोसली में मारपीट और हत्या के प्रयास सहित संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दस आरोपियों हिमांशु निवासी गांव भाकली, सोनू उर्फ डाकू उर्फ विक्की निवासी गांव साल्हावास जिला झज्जर, सतेन्द्र निवासी नजदीक रेलवे स्टेशन कोसली, सचिन उर्फ गोलू, सुखबीर उर्फ मोनू निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी कोसली, दीपक, अजय, कृष्ण निवासी गांव आम्बोली जिला झज्जर, आकाश निवासी साल्हावास जिला झज्जर और पंकज कुमार निवासी गांव साल्हावास जिला झज्जर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक ब्रेज़ा गाड़ी और 5 लकड़ी के डंडे बरामद किए थे।

ताजा गिरफ्तारी:

मामले में गहनता से जांच आगे बढ़ाते हुए थाना कोसली पुलिस टीम ने मंगलवार को वारदात में शामिल एक और आरोपी अनिल निवासी गांव आम्बोली, जिला झज्जर को भी काबू कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य सह-आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले में कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

##latestupdate
RAJKUMAR YADAV 0 followers