பொது இடங்களில் கழிவு நீரை வெளியேற்றிய, ஐந்து லாரிகளின் உரிமம் ரத்து. கலெக்டர் கவிதா அதிரடி நடவடிக்கை!!
मॉनसून में अवैध रूप से सीवेज निस्तारण पर कार्रवाई, पांच सीवेज टैंकरों के लाइसेंस रद्द
तिरुवल्लूर। बारिश के पानी की नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से सीवेज छोड़ने के मामले में तिरुवल्लूर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पांच सीवेज टैंकरों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। वहीं, एक टैंकर को जब्त कर पुलिस के हवाले किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
तिरुवल्लूर जिले में कोसस्थलैयार, अरनी और कूवम नदियों के अलावा कई झीलें और तालाब मौजूद हैं। घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले सीवेज को टैंकरों के माध्यम से निर्धारित स्थानों पर ले जाकर निस्तारित किया जाता है। हालांकि, कुछ टैंकर संचालकों द्वारा कथित रूप से सीवेज को जलस्रोतों, सड़क किनारे स्थित वर्षाजल निकासी नालियों और खुले स्थानों पर छोड़े जाने की शिकायतें सामने आई थीं।
जिला प्रशासन ने सीवेज टैंकर मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें केवल अधिकृत स्थानों पर ही सीवेज निस्तारित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही, जलस्रोतों, सार्वजनिक स्थानों और वर्षाजल निकासी नालियों में सीवेज छोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
प्रशासन के अनुसार, चेतावनी के बावजूद कुछ क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन जारी रहा। वेल्लावेड़ु, मप्पेडु, गुम्मिडीपोंडी और पोन्नेरी सहित कुछ इलाकों में सड़क किनारे और खुले स्थानों पर सीवेज निस्तारण की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में कवेरिपेट्टई के पास एक खुले स्थान पर सीवेज निस्तारित करने वाले टैंकर को राजस्व विभाग के अधिकारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीवेज का निस्तारण केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही किया जाना चाहिए। नियमों का उल्लंघन कर वर्षाजल निकासी नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर सीवेज छोड़ने वाले टैंकरों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों और जलस्रोतों में सीवेज निस्तारण की घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि पर्यावरण प्रदूषण और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को रोका जा सके।