वीर अब्दुल हमीद सेतु पर रात में स्ट्रीट लाइट बंद, सुरक्षा पर उठे सवाल
सुहवल। वीर अब्दुल हमीद सेतु पर रात्रि के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बारिश के मौसम में लगातार आवागमन और फिसलन भरी सड़क के बीच पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होना हादसे को न्योता दे रहा है।
ताड़ीघाट निवासी आदर्श सिंह ने बताया कि वीर अब्दुल हमीद सेतु पर रात के समय कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। ऐसे में पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दौरान दृश्यता कम होने से खतरा और बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भारी वाहनों और तेज बहाव के बीच पुल पर सुरक्षा व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही घोर चिंता का विषय है। पुल पर पहले भी यातायात और सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में स्ट्रीट लाइटों का बंद रहना दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा रहा है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पुल की सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल जांच कराकर खराब लाइटों को दुरुस्त कराया जाए और रात के समय पूरे पुल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।