पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत मंगरा–बरवाडीह रेलखंड में नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन रेलखंड की कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहम्मदगंज, हैदरनगर, जापला, कुटमु और डेहरी सहित क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और अन्य कार्यों के लिए रेल सेवा पर निर्भर रहते हैं। ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इससे यात्रा लागत में वृद्धि और समय की अधिक खपत होने की बात भी यात्रियों द्वारा कही जा रही है। वहीं, स्थानीय बाजारों में भी आवाजाही कम होने से व्यापार पर असर पड़ने की जानकारी सामने आई है।
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि एनआई कार्य के दौरान मालगाड़ियों का परिचालन जारी रहने के बीच यात्री ट्रेनों के आंशिक संचालन की व्यवस्था, जैसे डाल्टनगंज तक सेवा, की संभावना पर विचार किया जा सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों से इस मामले में रेलवे प्रशासन से संवाद कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।