April 18, 2026

सोनभद्र: विवाहिता से मारपीट और उत्पीड़न का मामला, पति व सास-ससुर पर FIR दर्ज

सोनभद्र | उत्तर प्रदेश:

Sonbhadra के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के डोमरिया गांव में एक विवाहिता के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़िता ज्योति पांडेय ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी शादी 14 जून 2020 को सतीश पांडेय से हुई थी। शादी में परिवार द्वारा अपनी क्षमता के अनुसार उपहार और नकदी दी गई थी, इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।

पीड़िता के अनुसार, 7 अप्रैल को दोपहर वह घर में अस्वस्थ अवस्था में थीं, तभी उनके पति नशे की हालत में घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि बाद में उन्हें खेत में दौड़ा-दौड़ाकर भी पीटा गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता का भाई मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोप है कि महिला को ई-रिक्शा बुलाकर घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति ने पूर्व में अपनी पहली पत्नी के साथ गंभीर अपराध किया था, जिसकी जानकारी शादी के समय छिपाई गई थी। हालांकि यह सभी आरोप जांच के अधीन हैं।

पुलिस ने महिला थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Written by

ARUN KUMAR SINGH

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION