June 17, 2026

उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय को बचाने की मांग, केंद्रीय विद्यालय बनाने का भी उठा प्रस्ताव

पलामू। उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय, मोहम्मदगंज के अस्तित्व को बचाने और इसके शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संघर्ष समिति के अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पलामू सांसद बी.डी. राम से मेदिनीनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय को शिक्षा विभाग के अधीन लेकर राजकीय उच्च विद्यालय घोषित करने, शिक्षकों की नियमित नियुक्ति करने तथा भविष्य में केंद्रीय विद्यालय के रूप में विकसित करने संबंधी ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1985 में स्थापित उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय वर्तमान में गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। विद्यालय में फिलहाल केवल एक शिक्षक कार्यरत हैं, जिनका वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होना प्रस्तावित है। ऐसे में विद्यालय के नियमित संचालन को लेकर चिंता व्यक्त की गई है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, यह विद्यालय कभी क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान रहा है, जहां नौ शिक्षक, दो चतुर्थवर्गीय कर्मी तथा एक रात्रि प्रहरी कार्यरत थे। विद्यालय में कक्षा 7 से 10 तक की पढ़ाई होती रही है और मोहम्मदगंज सहित आसपास के कई क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं यहां शिक्षा प्राप्त करते रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विद्यालय परिसर में भवन, छात्रावास, खेल मैदान, पेयजल सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यदि विद्यालय का संचालन प्रभावित होता है, तो उपलब्ध संसाधनों और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण की चुनौती भी उत्पन्न हो सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विद्यालय को अविलंब झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग के अधीन लेकर राजकीय उच्च विद्यालय घोषित किया जाए तथा शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों की नियुक्ति कर शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से जारी रखा जाए। साथ ही विद्यालय को भविष्य में केंद्रीय विद्यालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी सांसद के समक्ष रखा गया।

इस पर सांसद बी.डी. राम ने कहा कि पलामू जिले के लिए एक केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय को केंद्रीय विद्यालय के रूप में विकसित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि महेंद्र प्रसाद सिंह, विजय कुशवाहा, अशोक यादव, कपिलदेव नारायण सिंह, विवेक विशाल बंटी, रितेश सिंह, कुंदन सिंह, वीरन सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।

RAKESH KUMAR SINGH

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION