कुरावर/राजगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुरावर परिसर में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश चन्द्रवंशी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर लगाए गए पौधे के चारों ओर ट्री-गार्ड भी स्थापित किया गया ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश चन्द्रवंशी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश गवली ने कहा कि अस्पताल परिसर में हरियाली बढ़ने से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण होता है, जिससे मरीजों को भी सकारात्मक लाभ मिलता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी से वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में नर्सिंग इंचार्ज सुलेखा चन्द्रवंशी, नर्सिंग ऑफिसर ज्योति राठौर, एएनएम मालती सेन, योगेश मालवीय, सुरेश अजमेरिया, रजनीश शर्मा, सुनील चन्द्रवंशी, योगेश चन्द्रवंशी, विकास सक्सेना, कपिल, गुड़िया सहित CHC का समस्त स्टाफ एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।