March 9, 2026

10 हजार की घूस लेते लेखपाल रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

*10 हजार की घूस लेते लेखपाल रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई*
(आनन्द कुमार द्विवेदी/ कौशांबी ब्यूरो)
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ विजिलेंस टीम ने कौशांबी जनपद के पश्चिम शरीरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया और तहसील स्तर पर कर्मचारियों में खासी हलचल देखी गई। मामला मंझनपुर तहसील से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक चंपहा निवासी भोलानाथ जयसवाल को हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने की आवश्यकता थी। आरोप है कि सिंघवल गांव में तैनात लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य ने प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने कथित तौर पर कई बार कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन बिना रिश्वत काम न होने की बात कही गई। इसके बाद भोलानाथ जयसवाल ने लखनऊ स्थित विजिलेंस विभाग से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने प्रारंभिक जांच की और आरोपों की पुष्टि के बाद जाल बिछाने की रणनीति तैयार की। पूरी योजना गोपनीय रखी गई ताकि आरोपी को भनक न लगे।

सोमवार दोपहर तय योजना के अनुसार चंपहा बाजार की एक मिठाई की दुकान पर रुपये देने का स्थान निर्धारित किया गया। जैसे ही भोलानाथ ने लेखपाल को 10 हजार रुपये थमाए, पहले से सादी वर्दी में मौजूद विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी को अपने साथ लेकर चली गई। घटना की खबर फैलते ही राजस्व विभाग के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी मौके की जानकारी लेने के लिए सक्रिय हो गए। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों तक भी सूचना पहुंची। सदर एसडीएम एसपी वर्मा ने बताया कि उन्हें लेखपाल के घूस लेते पकड़े जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि विजिलेंस टीम से आधिकारिक पुष्टि और रिपोर्ट प्राप्त होते ही विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन भी शामिल हो सकता है।

Anand Kumar Dwivedi

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INdian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION