June 10, 2026

गम्हरिया में भीषण सड़क हादसा: ऑटो-बोरवेल ट्रक की टक्कर में वृद्ध की मौत, पांच घायल, सड़क जाम

पलामू: जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर सोमवार सुबह गम्हरिया गांव के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो में दो बच्चों समेत आठ लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया के पास एक बोरवेल ट्रक और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव का पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।घायलों में समसुन बीबी (65 वर्ष), पीर मोहम्मद (35 वर्ष), समीरा खातून (30 वर्ष), लालदेव (36 वर्ष), सरिता देवी (54 वर्ष) समेत अन्य शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल समसुन बीबी और पीर मोहम्मद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में अभिषेक कुमार (10 वर्ष) सहित दो बच्चों को भी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी को जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क किनारे मिट्टी को ऊंचा छोड़ दिया गया था, जिससे सड़क संकरी और असुरक्षित हो गई है। इसी कारण यह दुर्घटना हुई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सड़क जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। उल्लेखनीय बात यह है कि लोगों ने पहले ही जतायी थी कि पाइपलाईन कम्पनी की लापरवाही से कभी भी जपला-छत्तरपुर रोड पर हादसा हो सकता है। किंतु प्रशासनिक अधिकारियों ने उक्त खबर को बड़े हल्के में लिया था।

RAKESH KUMAR SINGH

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION