पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में हाल ही में हुए गोलीकांड से प्रभावित चौधरी परिवार से पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने गुरुवार को मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ज्ञात हो कि 23 मई को रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान चली गोली में सिकंदर चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।
पूर्व मंत्री त्रिपाठी ने पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के माध्यम से होना चाहिए, हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी पक्षों को संयम और कानून का पालन करना चाहिए।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह टिकैत, बबलू दुबे, गोपाल त्रिपाठी, सोनू पासवान, रंजन दुबे, रमेश चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।