जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली कालपी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों की गहन जांच की तथा उनके रखरखाव और समय-समय पर अद्यतन किए जाने की स्थिति का अवलोकन किया। इस अवसर पर एचएस इंडेक्स, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात एवं मालखाना का भी निरीक्षण किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा जनसुनवाई संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।