May 7, 2026

घाटशिला में उपायुक्त का औचक निरीक्षण: लापरवाही पर सख्ती, जनहित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

जमशेदपुर, 7 मई 2026

उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को घाटशिला प्रखंड क्षेत्र का सघन दौरा किया। प्रखंड कार्यालय से लेकर अस्पताल और सबर टोला तक निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के कड़े निर्देश दिए।

“कार्यालय में गंदगी मिली तो होगी कार्रवाई” – उपायुक्त ने बीडीओ-सीओ को लगाई फटकार

घाटशिला प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण में परिसर की खराब साफ-सफाई पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। पंजियों के संधारण, अभिलेखों और बायोमेट्रिक हाजिरी की जांच के बाद बीडीओ यूनिका शर्मा व सीओ निशात अंबर को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी दफ्तरों में अनुशासन व समयपालन से समझौता नहीं होगा। लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

अनुमंडल अस्पताल में मरीजों से लिया फीडबैक, बोले – “संवेदनशील इलाज मिले हर मरीज को”

उपायुक्त ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के वार्ड, MTC सेंटर और पंजीकरण काउंटर का जायजा लिया। भर्ती मरीजों व परिजनों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। डॉक्टरों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और समय पर जांच हर हाल में सुनिश्चित हो। “मरीजों को बेहतर व संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा देना पहली प्राथमिकता है” – उपायुक्त ने कहा।

सबर टोला पहुंचे उपायुक्त: आवास निर्माण और आम बागवानी का किया निरीक्षण

हलुदबनी पंचायत के सबर टोला में आदिम जनजाति परिवारों के लिए बन रहे आवासों की गुणवत्ता परखी। लाभुकों से बिजली-पानी की स्थिति पूछी और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मनरेगा के तहत हो रही आम बागवानी योजना का भी निरीक्षण कर कहा कि ग्रामीणों के रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण हो।

“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ” – अधिकारियों को दिया टास्क

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से एक भी पात्र वंचित न रहे। सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, डीटीओ धनंजय, एसडीओ सुनील चंद्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Written by

Anand Kishor

District Reporter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

INDIAN PRESS UNION

Indian Press Union (IPU) A National Platform for Journalists and Media Professionals.

© 2026 All Rights Reserved IPU MEDIA ASSOCIATION