जमशेदपुर, 14 मई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पुष्टि की है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि पिछले दो दिनों के दौरान अफवाहों और भ्रम के कारण कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई। प्रशासन ने इसे पैनिक बाइंग (अफरातफरी में खरीदारी) का परिणाम बताया।
उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक खरीदारी से आम लोगों को परेशानी हो सकती है।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय ने लोगों से अपील की कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही है।
प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों को लगातार जागरूक करें तथा बोतल या अन्य कंटेनरों में तेल की बिक्री न करें। साथ ही सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स और मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे केवल तथ्यात्मक जानकारी ही साझा करें।