चित्रकूट में भारत सरकार के ग्रामीण मंत्रालय और Indian Bank के सहयोग से संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) शिवरामपुर में बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्थान में वर्तमान में सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण चल रहा है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के कई युवा भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को कौशल विकास से जोड़ना और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना है।
ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागियों को संबंधित तकनीकों की जानकारी दी जा रही है, जबकि सिलाई प्रशिक्षण में कपड़ों की कटिंग, डिजाइनिंग और सिलाई का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश कुरील के निर्देशन में फैकल्टी सहायक प्रशांत कुशवाहा, मोहम्मद सलीम खान, प्रिंस कुमार तथा कार्यालय अधीक्षक गौरव चंद्र श्रीवास्तव प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन कर रहे हैं।
सिलाई प्रशिक्षण में प्रशिक्षक अजय कुमार तथा ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में प्रशिक्षिका शालिनी प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दे रहे हैं। प्रशिक्षकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को रोजगारोन्मुख कौशल उपलब्ध कराना है।
संस्थान प्रशासन के अनुसार प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण सुविधा संबंधी जानकारी और सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।