तरईबेड़ा स्कूल का परीक्षा परिणाम 100%: मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, न्यौता भोज का आयोजन
कोंडागांव, 30 अप्रैल 2026:
जिले के बड़ेराजपुर क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक/माध्यमिक शाला तरईबेड़ा में वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए गए। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।
घोषित परिणाम के अनुसार कक्षा 6वीं में कु. करुणा मंडावी ने प्रथम, कु. मेघा ने द्वितीय तथा अक्षय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 7वीं में कु. माही पाण्डे प्रथम, कु. रितेश्वरी द्वितीय और कु. इंद्रावती तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 8वीं का परिणाम जिला स्तर से शीघ्र जारी होने की जानकारी विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई है।
विद्यालय में कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थी सफल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में न्यौता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।