जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम): जिला प्रशासन की पहल और सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हेल्थ केयर के सहयोग से जिले के छह गंभीर रूप से बीमार बच्चों का निःशुल्क इलाज कराया गया। उपचार के बाद स्वस्थ हुए बच्चों का सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्वागत किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस पहल के तहत विभिन्न प्रखंडों से चिन्हित बच्चों को उन्नत चिकित्सा संस्थानों में इलाज उपलब्ध कराया गया। धालभूमगढ़ निवासी एक बच्चे का कटे होंठ एवं तालू (क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट) का सफल उपचार रांची में कराया गया, जबकि जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित अन्य बच्चों का उपचार हैदराबाद और मुंबई के अस्पतालों में किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा जांच, रेफरल, भर्ती और ऑपरेशन सहित पूरी प्रक्रिया निःशुल्क सुनिश्चित की गई। सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
अभिभावकों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों की जानकारी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को दें, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।