जलालपुर में स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था में बड़ा बदलाव: अब उपभोक्ताओं को पोस्टपेड माध्यम से मिलेगा बिजली बिल
अंबेडकरनगर: जलालपुर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने स्मार्ट प्री-पेड मीटर उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली उपभोग के आधार पर बिल उपलब्ध कराया जाएगा।
उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मुकेश मौर्या ने बताया कि जलालपुर क्षेत्र के सभी स्मार्ट प्री-पेड मीटरों को धीरे-धीरे पोस्टपेड प्रणाली में बदला जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि मई 2026 में उपभोग की गई बिजली का बिल जून 2026 में उपभोक्ताओं को SMS और WhatsApp के माध्यम से भेजा जाएगा।
एसडीओ ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने सही मोबाइल नंबर विद्युत विभाग में पंजीकृत कराएं, ताकि समय पर बिजली बिल प्राप्त हो सके। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर गलत या अपंजीकृत हैं, वे 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं या संबंधित विद्युत कार्यालय में जाकर अपने नंबर अपडेट करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को SMS या WhatsApp के माध्यम से बिल प्राप्त नहीं होता है, तो वे विभाग के डिस्कॉम WhatsApp Chatbot के जरिए भी अपना बिजली बिल प्राप्त कर सकते हैं।
विद्युत विभाग के अनुसार, इस नई व्यवस्था से बार-बार रिचार्ज कराने की आवश्यकता कम होगी और बिल भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल व व्यवस्थित हो सकेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान करने और आवश्यक विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है.