कब्रिस्तान में मिला लापता महिला का शव, हत्या की आशंका से क्षेत्र में सनसनी
पलामू। मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान से सोमवार की शाम एक लापता महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरीसबा के रूप में हुई है, जो बीते 8 जून से लापता थी। महिला के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 11 जून को मोहम्मदगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया था।
सोमवार को कब्रिस्तान के समीप शव पड़े होने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांशु शुक्ला तथा थाना प्रभारी नारायण सोरेन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।
ग्रामीणों एवं परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मृतका के पति मुजाहिद शेख, जो मंझिआंव थाना क्षेत्र के घुरुआ गांव का निवासी है, ने दूसरी शादी कर ली थी। परिजनों का कहना है कि महिला के शरीर पर संदिग्ध निशान मिले हैं तथा तेजाब डालकर हत्या किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।